
सुरेन्द्र दुबे
*धार, 26 जून 2026।* देश के सुदूर सीमावर्ती क्षेत्रों को सशक्त बनाने और युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करने के उद्देश्य से शुरू किए गए केंद्र सरकार के ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026’ के द्वितीय चरण हेतू धार से होनहार प्रतिभागी ओम रावत का चयन किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ (MY Bharat) पोर्टल के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी चयन प्रक्रिया में जिले के ओम रावत देश के सीमावर्ती गांवों में विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज में सात दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा बने।
जिला युवा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म पर आयोजित ऑनलाइन क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश से कुल 10 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया है। जिसमें धार ज़िले से ओम रावत का चयन हुआ। एक सप्ताह तक आयोजित होने वाले विशेष ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ में राष्ट्रीय स्तर पर ओम रावत जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दूसरे चरण के इस कार्यक्रम में उत्तर और पूर्वोत्तर राज्य जो चीन, पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और म्याँमार की सीमाओं से लगे गांवों को शामिल किया गया है। जिसमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के बुनियादी ढाँचे जिसमें सड़कों, टेलीविज़न और टेलीकॉम कनेक्टिविटी तथा 24×7 विद्युतीकरण के लक्ष्यों हेतु 100 से अधिक चयनित गांवों का दौरा करने का अवसर होगा। वहां ये युवा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और स्थानीय शासन निकायों के समन्वय में विभिन्न जमीनी गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण जागरूकता, बुनियादी ढांचे के विकास और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सीमावर्ती समुदायों के साथ मिलकर सीधे काम करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जमीनी स्तर के विकास से जोड़ना और सीमावर्ती गांवों से हो रहे पलायन को रोकने के सरकारी प्रयासों में सहभागी बनाना है।











