
मैहर
अमरपाटन थाना क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री और बिना लाइसेंस अहाता संचालन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुलेआम चल रहे इस कारोबार पर जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार बस स्टैंड स्थित बुंदेली ढाबा तथा नेशनल हाईवे-30 पर बघेली ढाबा के पास कथित रूप से अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है। इसके साथ ही शराब दुकान के समीप बिना वैध अनुमति के अहाता चलाए जाने का भी आरोप है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस संबंध में फोटो और वीडियो भी उपलब्ध हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कथित वीडियो और फोटो सामने हैं, तब भी पुलिस और आबकारी विभाग कार्रवाई करने में आखिर पसीना क्यों बहा रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर किसी का दबाव है, या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है? इन सवालों का जवाब प्रशासन को देना होगा।
रीवा आईजी गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के बीच अमरपाटन में लग रहे ये आरोप अभियान की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।











