सिंगरौली: रजमिलान रोड पर बड़ा हादसा: लौआ नदी पुल की रेलिंग तोड़ 35 टन कोयला लदा ट्रेलर नीचे गिरा चालक घायल।

सिंगरौली: रजमिलान रोड पर बड़ा हादसा: लौआ नदी पुल की रेलिंग तोड़ 35 टन कोयला लदा ट्रेलर नीचे गिरा चालक घायल।
(जिला ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला)
सिंगरौली : जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजमिलान रोड स्थित लौआ नदी पुल पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लगभग 35 टन कोयला लादकर अडानी पावर प्लांट की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर पूरी तरह पलट गया तथा वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना देर रात सुबह भोर के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही माड़ा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहाँ चालक की स्थिति फिलहाल ठीक बताई जा रही है
हादसे में ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पुल की रेलिंग भी टूट गई। जिस मार्ग पर यह दुर्घटना हुई है, वह परसोना से रजमिलान जाने वाला प्रमुख मार्ग है और हाल ही में सड़क का निर्माण भी बेहतर ढंग से कराया गया है।
माड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही, वाहन में तकनीकी खराबी अथवा किसी अन्य कारण से हुई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं चालक नशे की हालत में तो वाहन नहीं चला रहा था। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






