सिंगरौली: नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस की मैराथन दौड़ एएसपी ने दिखाई हरी झंडी।

सिंगरौली: नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस की मैराथन दौड़ एएसपी ने दिखाई हरी झंडी।
तीन किलोमीटर की दौड़ में पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों और युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प।
ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला
सिंगरौली : पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत गुरुवार को सिंगरौली पुलिस द्वारा नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। लगभग तीन किलोमीटर लंबी यह मैराथन पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम तक आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा रहे। उनके आगमन पर थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक राकेश साहू ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। एएसपी सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। दौड़ शुरू होने से पहले उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा स्वयं भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम तक प्रतिभागियों के साथ पूरी मैराथन दौड़े। इससे युवाओं और पुलिस बल का उत्साह देखते ही बनता था। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने नशे से दूरी है ज़रूरी स्वस्थ युवा सशक्त भारत और Say No to Drugs जैसे नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। मैराथन में उप निरीक्षक पवन सिंह, शिवम सिंह, विनय प्रकाश शुक्ला, रूपा अग्निहोत्री, सूबेदार आशिष तिवारी सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, महिला पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और जनजागरूकता का माहौल देखने को मिला।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित सिंगरौली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।






