कम्युनिटी पुलिसिंग: सिंदुरिया पुलिस ने दिव्यांगजनों से किया संवाद, सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘कम्युनिटी पुलिसिंग’ अभियान के तहत बुधवार को थाना सिंदुरिया की सीपीयू (CPU) टीम ने क्षेत्र के दिव्यांगजनों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनकी दैनिक समस्याओं, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि दिव्यांगजन इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। संवाद के दौरान दिव्यांगजनों ने क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या न होने की बात कही और पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना की।
पुलिस का कहना है कि कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के माध्यम से आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है। पुलिस समाज के हर वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।