
विद्यार्थी परिषद अलंकरण समारोह का आयोजन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भाकली में विद्यार्थी परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भाकली में आज विद्यार्थी परिषद के अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नवगठित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को उनके दायित्वों एवं पद की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंतर्गत अंशु एवं चेतना कक्षा बारहवीं को विद्यालय कप्तान, मोक्ष एवं रिया, कक्षा ग्यारहवीं को विद्यालय उप-कप्तान तथा ध्रुव सेन एवं महक, कक्षा बारहवीं को विद्यालय खेल कप्तान के रूप में चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक परेड का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री महेंद्र कुमार ने किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री बीर सिंह ने विद्यार्थी परिषद के सभी सदस्यों को पद एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। प्राचार्य श्री बीर सिंह ने विद्यार्थी परिषद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, सहयोग एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनिर्वाचित परिषद के सदस्यों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के हिंदी शिक्षक श्री निसार अहमद ने किया। समारोह के अंत में विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके पद की गरिमा एवं जिम्मेदारियों का बोध कराया गया।
समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं विद्यालय के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।









