A2Z सभी खबर सभी जिले की

श्रावण मास एवं शिववास के पावन अवसर पर कटहरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता कन्नौजिया ने सपरिवार भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की

FB IMG 1787327330239 FB IMG 1787327339060

महराजगंज।

रिपोर्ट बुद्धेश मणि पाण्डेय जिला प्रभारी

श्रावण मास में विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया रुद्राभिषेक

महराजगंज, 21 अगस्त। श्रावण मास एवं शिववास के पावन अवसर पर कटहरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता कन्नौजिया ने सपरिवार भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
आचार्य पंडित घनश्याम ने वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। विधायक एवं उनके परिजनों ने जल, दूध, दही, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान विधायक ने मंदिर परिसर स्थित पोखरे पर बेल का पौधा भी लगाया।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। भोलेनाथ की भक्ति से मन को शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव लोक कल्याण के देवता हैं और उनकी आराधना में समस्त मानव समाज के कल्याण की भावना निहित है। उन्होंने सभी के सुख, शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की।
रुद्राभिषेक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम अविनाश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, देशदीपक त्रिपाठी, विवेक श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला महामंत्री बबलू यादव, प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय व शैलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!