
सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम कोसीर में चखना दुकान पर शराब के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद युवक से डंडे, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के मामले में कोसीर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे लखन लहरे अपने दोस्त मनोज कुमार सुमन के साथ जितेंद्र महिलाने की चखना दुकान पहुंचा था। वहां शराब के पैसे को लेकर विवाद हो गया। मनोज कुमार सुमन द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि जितेंद्र महिलाने ने डंडे, शिवनंदन महिलाने ने लोहे की रॉड तथा प्रकाश बंजारे ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में मनोज के सिर, हाथ और पैर में चोट आई।मामले में प्रार्थी लखन लहरे की रिपोर्ट पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 110, 296, 115(2), 3(5) BNS में अपराध दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेंद्र महिलाने, शिवनंदन महिलाने और प्रकाश बंजारे को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।






