
सागर। वंदे भारत लाईव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विश्व शांति एवं जन कल्याण की कामना के लिए विधायक कार्यालय में एक दिवसीय पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन विधायक कार्यालय में कराया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के मां भगवती महिला मंडल, मकरोनिया के तत्वाधान में विधिवत इस अनुष्ठान का आयोजन किया गया। यज्ञ स्थल पर पांच हवन कुंड बनाए गए थे। जहां पांच अलग-अलग परिवारों द्वारा गंगा जल, पुष्प, अक्षत से हवन पूजन शुरू कराया गया। इसके बाद आम की लकड़ी, धूप, घी के साथ हवन कुंड में श्रद्धालुओं ने आहूति दी। गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ मां गायत्री, गुरु एवं मां दुर्गा की वंदना से किया गया। इसके पश्चात समस्त देवी देवताओं का आह्वान कर वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि विधान के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया।यज्ञ में सम्मिलित श्रद्धालुओं ने यज्ञ की पवित्र अग्नि के समक्ष आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति एवं जन कल्याण की कामना की। यज्ञ का वैदिक मंत्रों के सस्वर गान और देव पूजन, सर्वतोभद्र पूजन आदि विधियों के साथ किया गया। इस दौरान दिव्य भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गायत्री परिवार के वक्ताओं ने कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है व मन में अच्छे विचार आते हैं। धर्म की बात एक साथ मिल बैठकर सुनने से आपसी भाईचारे में वृद्धि होती है। एक -दूसरे के प्रति दुर्भावना खत्म होती है। कलश यात्रा तीन मढ़िया मंदिर, रजाखेड़ी से प्रारंभ होकर विधायक कार्यालय पहुंची।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुगण सम्मिलित हुऐ।महायज्ञ आयोजन में विधायक प्रदीप लारिया, श्रीमती रेणु लारिया, नपा अध्यक्ष मिहिलाल, श्रीमती कौशल्या सहित श्रद्धालुगण एवं गायत्री परिवार के सदस्यगण उपस्थित रहे।










