
‘ शाद कांप्लेक्स किया सील ,मुकदमा
धौर्रामाफी स्थित शाद कांप्लेक्स में संचालित थेरेपी सेंटर को पूर्व में सील कर चुके स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार देरशाम कांप्लेक्स पर भी ताला डाल दिया । सील होने के बाद भी थेरेपी सेंटर के संचालन सूचना पर डीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है । इसी सेंटर में फिरोजाबाद के पूर्व विधायक के बेटे को थेरेपी के दौरान लकवा मारा था । पूर्व विधायक की तहरीर पर क्वार्सी पुलिस ने सेंटर संचालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है । फिरोजाबाद के पूर्व विधायक व भाजपा नेता शिवसिंह चक नौ जुलाई को दोपहर अपने बेटे सुमित को लेकर धौर्रामाफी स्थित शाद कांप्लेक्स में संचालित एसएस हर्बल थेरेपी हेल्थ केयर सेंटर पहुंचे थे । गर्दन की थेरेपी के दौरान बेटे का लकवा मार गया । हाथ , पैर सुन्न पड़ने लगे । पूर्व विधायक की सूचना पर पुलिस , प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पहुंच गए । तब सेंटर को सील कर संचालक को नोटिस देकर सेंटर के पंजीकरण , शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया । एसीएमओ डा . दिनेश खत्री ने बताया कि संचालक ने कोई प्रपत्र नहीं दिखाया । सेंटर अवैध रूप से संचालित था।



