
खेत में हुई किसानों की आकस्मिक मौतें, कोहराम
लालगंज, प्रतापगढ़। कोतवाली के एक गांव में गुरूवार की शाम दो अलग अलग घटनाओं मे दो किसान की मौत हो गयी। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। लालगंज कोतवाली के परसपुर खीरी गांव निवासी बयालिस वर्षीय सुशील कोरी उर्फ लल्लू पुत्र भूकन कोरी गुरूवार को खेत में जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम उसका गांव स्थित एक धान के खेत में शव पड़ा मिला। युवक की मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि वह बीमारी से ग्रसित था। घटना को लेकर मृतक के चचेरे भाई वीरेन्द्र सरोज की तहरीर पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। दरोगा राजेश यादव का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं परसपुर खीरी गांव में ही गांव निवासी छियालिस वर्षीय भाई लाल पटेल गुरूवार शाम अपने बेटे व बहू के साथ धान के खेत में काम कर रहा था। इसी बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उसके पहले ही उसकी मौत हो गयी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिये बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। दरोगा राजेश यादव ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।






