
अंबेडकरनगर।जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार को पूरा बख्शराय गांव में चौपाल लगाकर 407 स्वयं सहायता समूहों को लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये दिए जाने का प्रमाण पत्र सौंपा।
अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र देते हुए आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी प्रदान की। उन्होंने समूह दीदियों के तेजी से प्रगति की तरफ बढ़ने को अत्यंत सुखद बताया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद बतौर मुख्य अतिथि खेल राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभारी गिरीश चंद्र यादव ने ग्राम चौपाल व स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम में शिरकत किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के विकास के लिए धन भेजे जाने का प्रमाण पत्र देते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की तरफ से तेजी से महिला उत्थान की योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के जरिए अब तक देश में एक करोड़ लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं। तीन करोड़ दीदियों को लखपति बनाने के लक्ष्य पर काम चल रहा है। कोटेदारों के चयन में स्वयं सहायता समूह की दीदियों को प्राथमिकता दिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं व बेटियों का सम्मान तेजी से बढ़ा है।
एमएलसी हरिओम पांडेय ने जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं योजनाओं से मिलने वाले लाभ पर प्रकाश डाला। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि समूह दीदियों को प्रोत्साहित करने के लिए ही उन्हें ई-स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है। डॉ प्रियंका तिवारी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल, एडीएम सदानंद गुप्त समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
मंत्री ने बाद में यहां अलग-अलग विभागों व स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टाॅल का निरीक्षण किया। उधर पूराबख्शराय के निकट नाऊसांडा में आयोजित बीजेपी के युवा सम्मेलन को पार्टी ने डिप्टी सीएम के न पहुंच पाने पर निरस्त कर दिया। अब यह सम्मेलन आगे नई तिथि पर होगा।






