A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:रेलवे स्टेशन पर हादसा : खंभा गिरने से मजदूर का पैर चकनाचूर

इलाज का खर्च उठाने की बात, पर परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराया

विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय थाना क्षेत्र के विंढमगंज रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टेलर से उतारे जा रहे विद्युत खंभे के नीचे दबकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर दीप नारायण कुमार (पुत्र स्वर्गीय राजमन बियार), निवासी महुली, का बायां पैर खंभे के नीचे आ जाने से बुरी तरह टूट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे स्टेशन पर कार्य करा रही आरबीएनएल कंपनी के अधीन टेलर पर लदे विद्युत खंभों को हाइड्रा मशीन की मदद से उतारा जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से खंभे भरभराकर गिर पड़े और वहां कार्य कर रहे दीप नारायण के पैर पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में घायल दीप नारायण को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले जाया गया, जहां डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया।
घायल दीप नारायण ने बताया कि वह प्रतिदिन 500 रुपये की मजदूरी पर अपने पड़ोसी राजा अहमद के साथ काम करने आया था। रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्य में आरबीएनएल कंपनी के मुंशी संदीप (पुत्र सुरेंद्र प्रसाद), निवासी बारा थाना जोरी चतरा, के कहने पर वह टेलर से खंभा उतरवा रहा था। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
दीप नारायण ने बताया कि वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे—सत्या कुमार (4 वर्ष) और अमित कुमार (9 माह)—हैं। इस हादसे के बाद परिवार के सामने जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मौके पर मौजूद मुंशी संदीप कुमार ने बताया कि ठेकेदार से बातचीत हो चुकी है और घायल मजदूर के इलाज में जितना भी खर्च आएगा, उसे ठेकेदार द्वारा वहन किया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सख्ती से होना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Back to top button
error: Content is protected !!