
*रांची :* नगर निकाय चुनाव को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा दी गई वोटर स्लिप में उनके परिवार के सदस्यों के मतदान केंद्र अलग-अलग वार्डों में दिखाए गए हैं, जबकि पहले सभी एक ही बूथ पर मतदान करते थे।
रक्षा राज्य मंत्री ने अपनी वोटर स्लिप दिखाते हुए कहा कि उन्हें वार्ड नंबर 33 का मतदाता बनाया गया है, जबकि उनकी पत्नी को वार्ड नंबर 34 में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही परिवार के सदस्यों का मतदान केंद्र अलग-अलग वार्डों में कैसे कर दिया गया।
संजय सेठ ने आरोप लगाया कि यह समस्या सिर्फ उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के लाखों परिवारों के साथ ऐसा किया गया है। उनके अनुसार यह जानबूझकर किया गया कदम है ताकि मतदान प्रतिशत कम हो। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, वहीं राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।









