
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_थाना क्षेत्र के ग्राम बुटवेढ़वा निवासी दीपक कुमार (33 वर्ष) पुत्र रामदास की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है तथा नामजद आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक कुमार 15 फरवरी 2026 को अपने ससुराल ग्राम मरौनि (हरिहरपुर), थाना भवनाथपुर, जिला गढ़वा (झारखंड) गए थे। उसी रात परिजनों को सूचना मिली कि वे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आनन-फानन में उन्हें पहले डाल्टनगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 20 फरवरी 2026 की रात उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मुंशी पासवान, रविंद्र, संजय, अंजू देवी, नन्हकू पासवान सहित अन्य लोगों ने दीपक के साथ मारपीट की और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। परिजनों का यह भी दावा है कि घटना के बाद दीपक ने अपने जीजा को पूरी आपबीती बताई थी, जिसके आधार पर उन्होंने इसे हत्या बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को जब मृतक का शव पैतृक गांव बुटवेढ़वा पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था तथा पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया।
परिजनों द्वारा नामजद आरोपियों के विरुद्ध नजदीकी थाने में लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।



