
रांची नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियां पूरी, मतदान कल।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
रांची। रांची जिला प्रशासन ने नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्वाचन के अंतर्गत रांची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को कल 22 फरवरी 2026 को रवाना किया जाएगा। रवानगी का मुख्य केंद्र मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम डिस्पैच सेंटर बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, सुरक्षा उपकरण, आवश्यक रिकॉर्ड, वाहन व्यवस्था, मतदान कर्मियों के लिए बैठने और प्रतीक्षा की उचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा बलों की तैनाती सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली है।
मालूम हो कि देर रात मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया और संबंधित पदाधिकारियों, नोडल अधिकारियों तथा टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं और समय-सारिणी का पालन किया जाए।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और आम जनता से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें और राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। रांची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राँची श्री राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त राँची श्री सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची श्री कुमार रजत और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




