
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
आगामी पर्व रमजान, होली एवं ईद-उल-फितर के मद्देनज़र शुक्रवार को थाना विंढमगंज परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय ने की।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने सहभागिता कर आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विचार-विमर्श किया। क्षेत्राधिकारी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी पर्वों को पारंपरिक उल्लास, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए, जिससे क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब और अधिक सुदृढ़ हो।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट साझा न करने की विशेष अपील की गई। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वे अपने-अपने स्तर से लोगों को जागरूक करेंगे तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुरेन्द्र पासवान, दिनेश यादव, प्रधानपति संजय गुप्ता, कृपाशंकर कुशवाहा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमल जायसवाल, सेकरार अहमद, कमलाउद्दीन सिद्दीकी, आरफीन, अनीश, मोहम्मद नन्हे, अभिषेक प्रताप सिंह, निरंजन सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग एवं सजगता बनाए रखने की अपील की।



