
मैहर
मैहर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे (शराब एवं गांजा) की समस्या को समाज की सहभागिता से रोकने हेतु एक सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल की शुरुआत की गई है। आप के पुष्पेंद्र सिंह ने इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड स्तर पर “नशा मुक्ति एवं निगरानी समिति” गठित करने का सुझाव दिया है।
पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज, परिवार और युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक मुद्दा है। यदि हम सब मिलकर जागरूकता और सहयोग की भावना से कार्य करें, तो निश्चित रूप से सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक गाँव में गठित समिति में महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएँ, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ तथा युवा प्रतिनिधि शामिल हों। यह समिति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अवैध गतिविधियों पर सामुदायिक निगरानी,
समय पर संबंधित विभाग को सूचना, जनजागरूकता अभियान, नशा विरोधी रैली एवं संवाद कार्यक्रम तथा युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेगी।
पुष्पेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक महोदय एवं प्रशासन के सहयोग से यह पहल एक जनसहभागिता मॉडल के रूप में विकसित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति या दल के विरोध का नहीं, बल्कि समाज हित और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का अभियान है।
उन्होंने क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस मुहिम को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाएँ। यदि समाज एकजुट होकर आगे आता है, तो मैहर विधानसभा क्षेत्र को नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाने का संकल्प अवश्य साकार होगा।
मैहर ब्यूरो चीफ ,,सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें


