A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेकटनीमध्यप्रदेश

फिल्मी अंदाज़ में कीलें बिछा कर लूट को दिया अंजाम

चालाक को मारी गोली

मैहर

राम पथ गमन मार्ग पर कुंदहरी के पास बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात लुटेरों ने सड़क पर लोहे की कीलें बिछाकर पहले ट्रक को पंचर किया और फिर विरोध करने पर चालक को गोली मारकर नकदी लूट ली. घायल चालक को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, मऊगंज जिले के तरहड़ निवासी मो. तस्लीम (26 वर्ष) ट्रक क्रमांक CG-07 CG 7990 लेकर चित्रकूट से बुरहानपुर की ओर जा रहे थे. रात करीब डेढ़ बजे जब वे कुंदहरी के पास पहुंचे, तो सड़क पर बिछी कीलों के कारण उनके ट्रक का अगला बायां पहिया पंचर हो गया. जैसे ही तस्लीम ट्रक रोककर पहिए से कील निकालने के लिए नीचे उतरे, पीछे से आए एक युवक ने उनसे पैसों की मांग शुरू कर दी. मना करने पर आरोपी ने हाथापाई की और चालक की जेब में रखे लगभग 3 हजार रुपये जबरन छीन लिए.

लूट का विरोध करते हुए जब तस्लीम ट्रक के केबिन से लोहे की रॉड लेकर बदमाश की ओर बढ़े, तो आरोपी ने कट्टे से फायर झोंक दिया. गोली तस्लीम के बाएं हाथ में कंधे के नीचे जा लगी. वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. घायल तस्लीम ने हिम्मत दिखाते हुए वहां से गुजर रही एक बारात की पिकअप को रुकवाया और सतना पहुंचे, जहां से पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई.

हालत नाजुक, रीवा में हुआ ऑपरेशन

सतना जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तस्लीम को गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया. परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर हाथ में फंसी गोली निकाल ली है, लेकिन खून अधिक बह जाने के कारण उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.

पुलिस जांच और सुरक्षा पर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के ढाबों में पूछताछ शुरू कर दी है. इस वारदात ने रामपथ गमन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मांग की है कि रामपथ गमन मार्ग पर रात्रि गश्त को तुरंत बढ़ाया जाए. अंधेरे मोड़ों और संवेदनशील पॉइंट्स पर पुलिस की तैनाती सुनिश्चित हो. वारदात में शामिल गिरोह को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

मैहर ब्यूरो चीफ,, सुरेन्द्र कुमार शर्मा

नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें

 

Back to top button
error: Content is protected !!