
*सामूहिक विवाह आयोजन से समाज में आर्थिक संपन्नता आती है:- सचिन बिरला*
====================
बांगरदा में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन
====================
बांगरदा( खरगोन) सामाजिक स्तर पर सामाजिक सहयोग से सजातीय समुदाय की कन्याओं का विवाह सामूहिक विवाह समारोह में करने से समाज के परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है। सामाजिक स्तर की फिजूल खर्ची से जुड़ी परंपराओं का उन्मूलन होता है। एवं इस प्रकार के आयोजनों से पूरी समाज संगठित होती है। साथ ही परिवारों के फिजूल खर्च कम होने से समाज का आर्थिक आधार मजबूत होता है।
उक्त विचार व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय विधायक सचिन बिरला ने ग्राम बांगरदा में नाभावंशी फूलमाली समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कहा कि फुलमाली समाज युवा संगठन द्वारा दहेज एवं कुरीति विहीन आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन अनुकरणीय है। आपने नव विवाहित कन्याओं को उज्जवल भविष्य एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी ।
विधायक सचिन बिरला ने समाज जनों की मांग पर माली समाज मांगलिक भवन विस्तार में पांच लाख रुपए विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से एवं आयोजन समिति को ₹25000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
इसके पूर्व विधायक सचिन बिरला ने समाज संत मोतीदास महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का परंपरागत शुभारंभ किया। विवाह आयोजन समिति अध्यक्ष रामेश्वर फुलकर एवं सभी पदाधिकारी ने विधायक सचिन बिरला एवं प्रदेश स्तरीय आयोजन समिति के सचिव दुर्गादास मालाकार, मीडिया प्रभारी निर्मल मालाकार, कोषाध्यक्ष सुरेश मालाकार, मंडल अध्यक्ष जागेश्वर मालाकार, इंदौर मंडल के अध्यक्ष अशोक मालाकार, मंडल सचिव दीपक मालाकार, पूर्व उपाध्यक्ष पंढरी फुलकर का पुष्प वर्षा के साथ मंगल तिलक कर स्वागत किया।
स्वागत भाषण देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष रामेश्वर फुलकर ने कहा कि नाभावंशी फूल माली समाज की बैठक में युवा संगठन की मांग के अनुसार सामाजिक स्तर पर सामाजिक कुरीति विहीन आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें प्रत्येक परिवार की सहभागिता के लिए आर्थिक सहयोग लिया गया है। एवं इसकी कार्य योजना विगत एक माह से बनाई जा रही है। इस गरिमामय कार्यक्रम में समाज के 150 परिवारों द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है। एवं कार्यक्रम में लगभग दो हजार शामिल हुए हैं।
इस अवसर पर जल उपभोक्ता संस्था बांगरदा के अध्यक्ष महेश मालाकार एवं ग्राम पंचायत बांगरदा की सरपंच श्रीमती उर्मिला मालाकार ने नवयुगलों को आशीर्वाद के साथ घरेलू उपयोग के बर्तनों के एक-एक सेट प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी संतोष मालाकार शिक्षक एवं अंत में उपस्थित सभी अतिथियों का एवं सहयोगी सामाजिक साथियों का आभार स्थानीय समिति के अध्यक्ष ललित मालाकार ने व्यक्त किया।
:- रामेश्वर फूलकर पत्रकार बांगरदा












