
सतना : भाजपा जिला अध्यक्ष पंडित भगवती प्रसाद पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा धार्मिक स्थलों और उनके आसपास शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने वाला कदम बताया।
श्री पांडेय ने कहा, “धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सम्मान बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री का यह निर्णय न केवल सामाजिक बदलाव लाएगा, बल्कि युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोड़ने में भी सहायक होगा।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस निर्णय को सख्ती से लागू किया जाए और शराब की अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस फैसले को समाज के विभिन्न वर्गों और धार्मिक संगठनों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है।
पंडित भगवती प्रसाद पांडेय ने कहा कि यह निर्णय राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस पहल में सरकार का सहयोग करें और धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने में योगदान दें।
इस कदम के बाद राज्य के सभी जिलों में प्रशासन ने इसकी क्रियान्वयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस फैसले की सराहना हो रही है और इसे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।






