सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने सिटी सेंटर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किया किट वितरित
महाराजगंज 30 सितंबर। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने सिटी सेंटर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किट वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त समाज का उद्देश्य स्वस्थ नारी के माध्यम से सशक्त परिवार और मजबूत समाज का निर्माण करना है। विधायक ने कहा कि यदि हमारी महिलाएं और किशोरियां स्वस्थ रहेंगी तो वे परिवार और समाज की मजबूती की आधारशिला साबित होंगी। उन्होंने अपील की कि सभी महिलाएं और किशोरियां अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों या चिन्हित केंद्रों पर जाकर एनीमिया की दवा नियमित रूप से लें और स्वयं को स्वस्थ बनाएं। विधायक ने कहा कि एनीमिया की समस्या को गंभीरता से लेना जरूरी है, क्योंकि यह न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ ज्योत्सना ओझा ने कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए नियमित रूप से आयरन की दवा का सेवन जरूरी है। संतुलित आहार, हरी पत्तेदार सब्जियां और पर्याप्त पोषण से महिलाएं व किशोरियां स्वस्थ रह सकती हैं। उन्होंने अपील की कि सभी लोग इस अभियान से जुड़कर एनीमिया मुक्त समाज बनाने में योगदान दें। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक विजय पांडेय, डॉ आर के सिंह, डॉ शक्ति सिंह चौहान, आयुष्मान तिवारी,कृष्ण यादव, सोहनी विश्वकर्मा संजीव शुक्ला, मौजूद रहे।