
इटवा नगर पंचायत के महादेव घुरहू स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का शुभारंभ हुआ। यह शिविर एडवांस स्काउट मास्टर हेमन्त कुमार गुप्त द्वारा प्रथम एवं द्वितीय सोपान के लिए आयोजित किया गया है।

शिविर की शुरुआत स्काउट प्रार्थना से हुई। इसमें बच्चों को स्काउट गाइड के सिद्धांत, परिचय, प्रतिज्ञा, नियम और झंडा
गीत याद कराए गए। टोली निर्माण, घर के काम, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य नियम, स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम (बीपी6), प्राथमिक उपचार और कैम्प फायर की तैयारी जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।
स्काउट मास्टर हेमन्त कुमार गुप्त ने बताया कि इन गतिविधियों से शरीर स्वस्थ रहता है, मन को शांति मिलती है और मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने कहा कि इससे देश सेवा, सेवा भावना, देशभक्ति, सामाजिक दायित्व, आत्मनिर्भरता, साहस और उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ओंकार नाथ साहनी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग से बच्चों में बौद्धिक और सर्वांगीण विकास होता है। इस दौरान स्काउट मास्टर अवधेश कुमार, राजकुमार सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





