
- सिद्धार्थ नगर।
इटवा। भूमि विवाद ने शनिवार सुबह बसडीला गांव में खतरनाक रूप ले लिया, जब जोताई रुकवाने पहुंचे विपक्षी पक्ष के लोगों पर आरोपितों ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया।
घटना गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रमाकांत पांडेय और हरिओम पांडेय के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे हरिओम पांडेय का पुत्र संदीप विवादित खेत में ट्रैक्टर लेकर जोताई करने पहुंचा। जैसे ही जोताई शुरू हुई, विरोधी पक्ष मौके पर पहुंच गया और रुकवाने लगा।
दोनों पक्षों में कहासुनी के बीच विवाद बढ़ गया। बताया गया कि जब विपक्षी पक्ष के लोग ट्रैक्टर के आगे खड़े होकर विरोध करने लगे, तभी संदीप ने रुकने के बजाय ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया, जिससे वहां मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में 35 वर्षीय शकुंतला, 32 वर्षीय दिलीप, 40 वर्षीय रविंद्र पाठक, 18 वर्षीय शिखा और 28 वर्षीय करन घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खुनियांव पीएचसी ले जाया गया, जहां शकुंतला, दिलीप और रविंद्र पाठक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचने तक स्थिति शांत हो चुकी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
— शुभेंदु सिंह, पुलिस क्षेत्राधि
- कारी, इटवा



