
अमित पाटीदार/सारंगी
शिक्षक की हुई मौत ने तूल पकड़ लिया है। घटना से गुस्साए परिजनों ने स्कूल परिसर में धरना प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल को सील कर दिया है।

परिजनों का आरोप: “झूठे केस में फंसाने की दी गई धमकी”
धरने पर बैठे परिजनों का कहना है कि शिक्षक को स्कूल प्रशासन द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित (टॉर्चर) किया जा रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उन्हें किसी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी, जिसके कारण वे भारी तनाव में थे। परिजनों की मांग थी कि जब तक स्कूल संचालक मौके पर आकर जवाब नहीं देते, वे वहां से नहीं हटेंगे।
प्रशासनिक कार्रवाई और घंटों चला हंगामा
स्कूल में तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब 1- 2 घंटे तक परिजनों और पुलिस के बीच तीखी बहस और मशक्कत चलती रही। स्थिति को अनियंत्रित होते देख प्रशासन ने स्कूल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया शव
अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए भेजा।
जांच शुरू
पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर लिया है और स्कूल के स्टाफ व प्रबंधन से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि टॉर्चर और धमकी के आरोपों की गहराई से जांच की जाएगी।






