
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार से समाज का हर वर्ग दुखी है, जिसमें ब्राह्मण समाज भी शामिल है। जो लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, वे समाजवादी पार्टी के साथ आएं, उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा।
शिवपाल यादव ने कहा कि सवर्ण समाज के बहुत से लोग पहले से ही समाजवादी पार्टी के साथ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज लंबे समय से उपेक्षित है और उसे साथ लेकर चलना सपा की रणनीति है। बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए पीडीए ही सबसे मजबूत आधार है।
ओमप्रकाश राजभर पर निशाना
उन्नाव पीड़िता मामले में मंत्री ओमप्रकाश राजभर और दयाशंकर सिंह के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर का कोई ठिकाना नहीं है। पूरा प्रदेश जानता है कि वह पहले बीजेपी को गालियां देते थे और आज उसी पार्टी में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी में किसी को न्याय नहीं मिलता और न्याय केवल दिखावे का होता है।
बीजेपी से हर व्यक्ति दुखी
हस्तिनापुर विधानसभा सीट से विधायक द्वारा सीट को ‘श्रापित’ बताए जाने वाले बयान पर शिवपाल यादव ने कहा कि बीजेपी से हर व्यक्ति दुखी है। यह एक बेईमान पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कोई ठोस विकास नहीं हुआ है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। कुछ अधिकारी अवैध रूप से पैसा इकट्ठा कर रहे हैं और यह जांच का विषय है कि वह पैसा कहां जाता है।
एसआईआर पर बयान और फिसली जुबान
एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के सवाल पर शिवपाल यादव की जुबान कुछ देर के लिए फिसल गई। बाद में उन्होंने कहा कि बीजेपी अधिकारियों के माध्यम से हर स्तर पर बेईमानी करना चाहती है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का निर्देश दिया है कि सही वोटर का नाम न कटे और फर्जी वोट न बढ़े। जहां भी गड़बड़ी मिले, वहां तुरंत डीएम, एडीएम, एसडीएम और चुनाव आयोग को लिखित शिकायत की जाए।
घुसपैठियों के वोट कटने के सवाल पर प्रतिक्रिया
घुसपैठियों के वोट काटे जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि जो लोग सैकड़ों साल से यहां रह रहे हैं, उनका वोट काटने की साजिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मुसलमानों और समाजवादी पार्टी के वोट काटना चाहती है।
शोक व्यक्त करने पहुंचे गाजीपुर
बताया गया कि शिवपाल यादव गाजीपुर की जमानिया विधानसभा सीट से सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह के आवास पहुंचे थे। वे विधायक के भतीजे रघुराज सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीजेपी सरकार और उसकी नीतियों पर तीखे सवाल खड़े किए।





