दरभंगा जिला के पिण्डारूच पंचायत में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिजली के खंभों पर नई तारें लगाने का कार्य लगातार जारी है। विद्युत आपूर्ति विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस कार्य के तहत पुराने और जर्जर तारों को हटाकर आधुनिक प्लास्टिक-फाइबर कोटेड तारें लगाई जा रही हैं, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद हो सके।
सर्द मौसम और घने कुहासे के बीच विद्युतकर्मी पूरी सतर्कता और तन्मयता के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। जोखिम भरी परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारी खंभों पर चढ़कर तार बदलने का कार्य कर रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार पंचायत के कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां अब तक पुरानी नंगी तारें लगी हुई थीं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
तार बदलने के दौरान संबंधित इलाकों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है, हालांकि अन्य क्षेत्रों में विद्युत प्रसार सामान्य रूप से जारी है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस पहल का स्वागत किया है और कार्य शीघ्र पूरा होने की उम्मीद जताई है।








