
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_सोनभद्र के दुद्धी तहसील क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है।श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली में 78वां श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ 18 जनवरी को दोपहर 2 बजे से महुली खेल मैदान में होगा। यह जानकारी क्लब के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि इस अंतर्राज्यीय टूर्नामेंट में पांच राज्यों की कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जो खिताब के लिए जोरदार मुकाबले पेश करेंगी। पांच राज्यों के विभिन्न हिस्सों से आने वाले नामचीन खिलाड़ियों की मौजूदगी से टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ेगा।
क्लब के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल ने बताया कि आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर मैदान की सफाई, लाइनिंग, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया है।
आयोजकों के अनुसार उद्घाटन समारोह भी भव्य होगा, जिसमें खेल प्रेमियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
क्षेत्र में इस फुटबॉल महाकुंभ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।







