A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:खेमपुर में बड़ा हादसा : 40 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी

दो की हालत गंभीर, एक जिला अस्पताल रेफर

कोन सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_गुरुवार को कोन थाना क्षेत्र के खेमपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेलगुड़वा से कोन आ रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि बस की स्टेयरिंग फेल होने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना में दर्जनों यात्री घायल हो गए, जिनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को सूचना दी और सभी घायलों को कोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मखन्नचू (65 वर्ष), निवासी डाल्टेनगंज, को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेलगुड़वा-विंढमगंज मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। खराब सड़क की वजह से इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई। सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य संभाल लिया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया।
कोन सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. जे.पी. सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मखन्नचू को सिर में गहरी चोट लगी है, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!