A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेनिवाड़ीमध्यप्रदेशसबसे हाल की खबरें

ग्राम पंचायत मजरा में निःशुल्क आयुष शिविर आयोजित, 81 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

विभिन्न रोगों की जांच कर निःशुल्क औषधि वितरण, आयुष पद्धति के प्रति जागरूकता पर दिया गया जोर

निवाड़ी। आयुष पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से संचालनालय आयुष भोपाल (मध्यप्रदेश) एवं कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत मजरा के आंगनवाड़ी केंद्र पर निःशुल्क आयुष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन शासकीय आयुर्वेद औषधालय एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर लड़वारी द्वारा किया गया।

शिविर में कुल 81 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। इस दौरान स्त्रीरोग, वातरोग, श्वास, आमवात, उदर रोग, चर्म रोग, कास (खांसी), प्रतिश्याय (जुकाम) सहित विभिन्न बीमारियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही मरीजों का रक्तचाप (बीपी) भी जांचा गया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा आहार-विहार संबंधी परामर्श दिया गया तथा बसंत ऋतु में होने वाले रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। कुपोषण दूर करने के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। शिविर में औषधीय पौधों एवं हर्बल गार्डन की उपयोगिता की जानकारी दी गई तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया गया।

शिविर में डॉ. कौशल किशोर (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), डॉ. रिंकू गुप्ता (सामुदायिक आयुष चिकित्सा अधिकारी), संतोष कुमार चौरसिया (कंपाउंडर), श्रीमती नीता तिवारी (महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता), शंकर लाल कोरी (दवाइयों के सहायक) सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!