
📰 विस्तृत समाचार निवाड़ी।
जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन एवं प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर जमुना भिड़े ने जिले में निजी भवनों (किराये के कमरों) में संचालित हो रहे सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को तत्काल समीपवर्ती शासकीय स्कूलों के रिक्त कक्षों में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि अब आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निजी भवनों के स्थान पर शासकीय परिसरों में उपलब्ध खाली कमरों में किया जाएगा।
इस निर्णय से न केवल सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा, बल्कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही विद्यालयीन वातावरण से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होगा।
प्रशासन द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। संबंधित विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिले का कोई भी आंगनवाड़ी केंद्र निजी भवन में संचालित न हो।
इसके साथ ही स्थानांतरण पूर्ण होने के पश्चात इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है।
उक्त कार्य की प्रगति की समीक्षा आगामी समय-सीमा (टी.एल.) बैठक में की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस निर्णय से आंगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार आने के साथ-साथ बच्चों को सुरक्षित एवं शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।



