
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार/रुड़की, 22 फरवरी 2026।गंगनहर में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।यह पहल भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा दिए गए सुरक्षा संबंधी सुझावों के क्रम में की गई।बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) के प्रोफेसर,राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ,सेना के प्रतिनिधि,मुख्य नगर आयुक्त,उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग एवं उत्तराखंड सिंचाई विभाग के सिविल इंजीनियर और वास्तुविद मौजूद रहे।गंगनहर क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।पुलों पर सुरक्षा हार्नेस एवं रस्सियों की व्यवस्था की जाएगी,ताकि आकस्मिक स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।गंगनहर क्षेत्र का समग्र सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा।घाटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी,विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां जल प्रवाह कम या बंद रहता है,इसके अतिरिक्त प्रमुख स्थलों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड,लाउडस्पीकर तथा अन्य जनजागरूकता उपाय लागू किए जाएंगे,साथ ही आईआईटी रुड़की के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया,जिसमें गंगनहर घाटों की सुरक्षा के लिए आधुनिक एवं तकनीकी समाधान आमंत्रित किए जाएंगे।इस अवसर पर जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर ठोस निर्णय लेना जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।प्रशासन,तकनीकी संस्थानों और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से गंगनहर को सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया गया है,ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।







