

सागर,वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * स्थानीय सहोद्रा राय शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘उमंग 2026’ का आयोजन 19 फरवरी से 21 फरवरी तक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. पी. सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस गौरवशाली मंच का कुशल संचालन छात्र अनुराग उपाध्याय, शैलेंद्र कुर्मी, रक्षा कोरी और सैफी खान द्वारा किया गया।
उत्सव के शुरुआती दिनों में रंगोली, वॉल पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिताएं हुईं। 20 फरवरी को आधुनिक दौर की रुचियों को देखते हुए रील मेकिंग और सेल्फी बूथ मेकिंग जैसे नए और आकर्षक कॉम्पिटिशन रखे गए, जिसमें छात्रों ने अपनी क्रिएटिविटी दिखाई। साथ ही स्टाफ के लिए कुर्सी दौड़ और लेफ्ट-राइट गेम आयोजित किए गए। अंतिम दिन स्टेज कार्यक्रमों की धूम रही। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छात्रों ने ‘बॉलीवुड’ और ‘मदर नेचर’ जैसी थीम्स पर बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा सोलो/ग्रुप डांस और गायन ने सबका मन मोह लिया। इसी क्रम में विद्यार्थियों द्वारा बधाई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। बधाई, मध्य प्रदेश का एक प्रसिद्ध लोकनृत्य है, जिसकी जीवंत प्रस्तुति ने सभी का हृदय जीत लिया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में बधाई नृत्य को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। साथ ही संस्था के हेल्थ एंड फिटनेस क्लब के तत्वाधान में श्रीमती रेखा अहिरवार के मार्गदर्शन एवं श्रीमती पूर्वी पारीक के निर्देशन में विद्यार्थियों द्वारा हेल्थ एंड फिटनेस क्लब सोसाइटी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक प्रभावशाली स्किट ड्रामा का मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित दर्शकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा तनाव, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं को खुलकर साझा करने का संदेश देना था।
स्किट में दर्शाया गया कि वर्तमान समय में पढ़ाई, प्रतिस्पर्धा और पारिवारिक अपेक्षाओं के कारण युवा मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं। कलाकारों ने प्रभावशाली संवाद एवं अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि समय पर परामर्श, सकारात्मक सोच, योग-व्यायाम और परिवार व मित्रों का सहयोग मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होता है।इस नाटक में छात्र शुभ शुक्ला, परिधि सोनी, सैफी खान , राम भरत सिंह एवं आराध्या साहू ने उत्कृष्ट अभिनय कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। महाविद्यालय के वरिष्ठ एस.पी. बिजौरिया के मार्गदर्शन और समस्त स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा। इस आयोजन की मुख्य प्रभारी श्रीमती वैशाली ताम्रकार और सह-प्रभारी श्रीमती रेखा अहिरवार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।







