
निवाड़ी। निवाड़ी जिले में तेजी से बढ़ रही अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति के किए जा रहे व्यावसायिक एवं बहुमंजिला निर्माण कार्यों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदारों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अवैध कॉलोनाइजरों और नियमों का उल्लंघन कर रहे निर्माण कार्यों की सघन जांच सुनिश्चित करें तथा दोषियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करें।
प्रमुख निर्देश:
🔹 Real Estate Regulatory Authority (RERA) नियमों का उल्लंघन
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रेरा अनुमति के अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित कर प्लॉटिंग किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे निर्माण कार्य पूर्णतः अवैध माने जाएंगे और यह सीधे तौर पर आम नागरिकों के हितों के विरुद्ध हैं।
🔹 अवैध होटल एवं बहुमंजिला भवनों की पहचान
नगर पालिका एवं नगर परिषद से बिना नक्शा स्वीकृत कराए या आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना निर्मित हो रहे होटलों एवं बहुमंजिला इमारतों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
🔹 भौतिक सत्यापन एवं दंडात्मक कार्रवाई
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में संचालित अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण करें तथा आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
आम नागरिकों के लिए प्रशासन की अपील:
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भूखंड या भवन की खरीदी से पूर्व संबंधित परियोजना का रेरा पंजीकरण एवं स्थानीय निकायों से स्वीकृत नक्शा सहित सभी वैध दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जिले में सुव्यवस्थित विकास को बढ़ावा देना तथा आमजन को भू-माफियाओं के चंगुल से सुरक्षित रखना है। आने वाले दिनों में राजस्व एवं नगरीय निकायों की संयुक्त टीमें विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगी









