
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर। नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
इसी क्रम में उपायुक्त दिनेश यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय डोमटोली नगर ऊंटरी, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय नगर ऊंटरी, राजकीयकृत अंबालाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय तथा किसान भवन नगर ऊंटरी सहित कई बूथों का दौरा कर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।उपायुक्त ने मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार, अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर निगरानी जारी है।





