A2Z सभी खबर सभी जिले की

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप सिंगापुर के साथ 6,650 करोड़ रुपए के तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं और यहां उन्होंने निवेशकों के साथ कई अहम बैठकें की हैं। सीएम ने यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ 6,650 करोड़ रुपए के तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह निवेश हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस निवेश से प्रदेश में 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

सीएम ने बैठक में निवेशकों को बताया कि उत्तर प्रदेश में मंजूरी प्रक्रिया आसान और तेज की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 25 करोड़ से अधिक की बड़ी आबादी एक बड़ा बाजार है, साथ ही मजबूत कानून-व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लंबे समय तक निवेशकों को लाभ मिलेगा।

सीएम के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद थे। बैठक के दौरान मंत्री कोट-पैंट में नजर आए, जबकि मुख्यमंत्री पारंपरिक भगवा परिधान में दिखाई दिए।

तीन दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 25 कंपनियों के सीईओ से मुलाकात करेंगे। इस दौरे के बाद वे 25 फरवरी को जापान पहुंचेंगे, जहां औद्योगिक सहयोग और निवेश संबंधी अन्य समझौतों पर बातचीत की जाएगी। सिंगापुर दौरा प्रदेश में निवेश बढ़ाने और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!