
अवैध रिश्ते का खौफनाक अंत: राज खुलने के डर से 12 साल के मासूम की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हाटा कुशीनगर से श्रवण कुमार की रिपोर्ट,
हाटा कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, जहां अवैध संबंधों के राज को छुपाने के लिए एक 12 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को ग्राम गोपाल बिरैचा से एक नाबालिग के अचानक गायब होने की सूचना पर थाना हाटा में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
महज 24 घंटे के भीतर, 29 मार्च को पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी डब्लू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर मासूम राजवीर का शव बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह और भी चौंकाने वाला था। उसने बताया कि मृतक की मां के साथ उसका अवैध संबंध था और इस राज की जानकारी बच्चे को हो गई थी। आरोपी को डर था कि बच्चा यह बात किसी और को बता देगा, इसी आशंका में उसने पहले बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर शव को छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त गमछे का टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
👮♂️ गिरफ्तारी करने वाली टीम:
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना कोतवाली हाटा की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे, उपनिरीक्षक हरेराम यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामचरन सरोज, उपनिरीक्षक रुपेन्द्र पाल सिंह (चौकी प्रभारी कस्बा हाटा), उपनिरीक्षक चन्द्रभूषण पाण्डेय (चौकी प्रभारी सुकरौली), उपनिरीक्षक अतुल तिवारी, कांस्टेबल चन्द्रमा बिन्द, कांस्टेबल विन्देश्वरी राय, कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल रंजीत कुमार, कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश सूर्यवंशी व कांस्टेबल नेबूलाल शामिल रहे।
इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है, जहां रिश्तों की मर्यादा टूटने का खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।









