

सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित।
मकान सूचीकरण से होगी जनगणना 2027 की शुरुआत।
पहली बार मोबाइल ऐप से होगा डेटा संकलन
———
सिंगरौली : आगामी जनगणना 2027 पूर्व की जनगणनाओं की भांति इस बार भी दो चरणों में संपादित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों का विवरण संकलित किया जाएगा।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों एवं तकनीकी परिचय के लिए जिला सिंगरौली अंतर्गत जनगणना अधिकारियों (जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं सहयोगी) का दो दिवसीय प्रशिक्षण के तहत प्रथम दिवस का प्रशिक्षण प्रभारी कलेक्टर श्री जगदीश गोमे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय से आए पदाधिकारी वैभव अग्रवाल द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन एवं डेमो के माध्यम से जनगणना 2027 की रूपरेखा, प्रारंभिक तैयारियां, रोडमैप एवं संगठनात्मक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा। साथ ही पूरे कार्य की निगरानी एवं समीक्षा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) के वेब पोर्टल के जरिए की जाएगी। प्रथम चरण अंतर्गत मध्यप्रदेश में 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक साथ संपन्न किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में पूरे देश में कराई जाएगी।
इस जनगणना में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प प्रदान किया गया है। इसके अंतर्गत राज्य में क्षेत्रीय कार्य प्रारंभ होने से 15 दिन पूर्व, अर्थात 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन प्रश्नावली भरकर अपनी जनगणना स्वयं कर सकेंगे प्रशिक्षण के दौरान जनगणना-2027 की प्रक्रिया, समय-सीमा एवं कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडे, एसडीएम सिंगरौली सुरेश यादव, एसडीएम देवसर अखिलेश सिंह, एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा,एसडीएम माडा नंदन तिवारी सहित जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




