
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ श्री बंशीधर नगर रविवार की शाम फोरलेन सड़क पर पाल्हे कला गांव के ओवरब्रिज के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 25 वर्षीय पूजा कुमारी (पति- श्रवण कुमार कुशवाहा) को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
घायलों में श्रवण कुमार कुशवाहा (निवासी त्रिशूली, सनावल, छत्तीसगढ़), उनकी पुत्री कार्तिक कुशवाहा तथा जंगीपुर निवासी दीपक कुमार शामिल हैं। सभी का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।
घायल श्रवण कुमार कुशवाहा ने बताया कि वह जंगीपुर से अपनी पत्नी पूजा कुमारी का बवासीर का इलाज कराकर बाइक से गढ़वा लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक कुमार तेज गति से बाइक चला रहा था और रास्ते में कई लोगों को टक्कर मारते हुए अंततः श्रवण कुमार की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











