
सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लौहार राजस्थान पुलिस दिवस पर सम्मानित, गाड़िया लोहार समाज में हर्ष की लहर
जोधपुर संभाग (पाली/नागौर/जालोर/सिरोही/बाड़मेर/बालोतरा/जैसलमेर:
राजस्थान पुलिस दिवस के पावन अवसर पर सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लौहार को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और अनुकरणीय कार्यशैली के लिए सम्मानित किया गया। जोधपुर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान IGP जोधपुर रेंज ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कमला को यह सम्मान उनके द्वारा क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस विभाग के प्रति अटूट समर्पण के लिए दिया गया है।
पिछड़े घुमंतू समाज की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा:
कमला लौहार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गाड़िया लोहार समाज में खुशी की लहर है। समाज के गणमान्य लोगों का कहना है कि उन्होंने न केवल पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है, बल्कि वे विशेष रूप से पिछड़े घुमंतू समाज की उन बेटियों के लिए एक जीवंत उदाहरण और प्रेरणा स्रोत बनकर उभरी हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। उनकी यह सफलता वर्षों की कठिन मेहनत और ईमानदारी का प्रतिफल है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश युवा गाड़िया लोहार समाज के मीडिया प्रभारी धन्नाराम गाड़िया लोहार रोहट ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। साथ ही क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और समाज के प्रबुद्धजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं करते हुए इसे समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया।








