
जनपद हरदोई के नगर पालिका शाहाबाद स्थित काशीराम कॉलोनी में बिजली विभाग की चेकिंग के बावजूद बिजली चोरी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में खुलेआम अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
सूत्रों की मानें तो कुछ लोग बिजली चोरी कर रिक्शा चार्जिंग का कार्य कर रहे हैं और इसके बदले अन्य लोगों से अवैध रूप से धन उगाही भी की जा रही है। इतना ही नहीं, चोरी की बिजली को आगे अन्य उपभोक्ताओं को भी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे यह एक संगठित रूप लेता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। बिजली विभाग की टीम द्वारा समय-समय पर चेकिंग की जाती है, लेकिन उसके बावजूद भी चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मोहल्ला वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बिजली चोरी पर रोक लग सके और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो सके।











