अजीत मिश्रा (खोजी)
बस्ती: लालगंज पुलिस व स्वाट टीम की बड़ी सफलता, 4 चोरी की बाइकों के साथ 2 अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार।
लालगंज।। जनपद में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लालगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने दो अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

संदिग्ध हालत में पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम रविवार को थाना लालगंज क्षेत्र के महथा मार्ग पर नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान प्रदुम्य पटेल (निवासी गंगौरा, थाना मुंडेरवा) और राहुल उर्फ गोलू सोनकर (निवासी सजनाखोर, थाना लालगंज) के रूप में हुई। उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर को खुरचकर मिटाया गया था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
निशानदेही पर बरामदगी
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बनकटी पोखरे के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इन बाइकों को उन्होंने गोंडा और संतकबीरनगर जिलों से चोरी किया था।
दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना लालगंज में सुसंगत धाराओं (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक लालगंज विनय पाठक, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राधेश्याम प्रसाद, उपनिरीक्षक बृषकेतु सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना की है।






















