
पलेरा : जिले की पलेरा तहसील के छोटे से गांव बन्ने बुजुर्ग की बेटी अनुराधा सोनकिया ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (UP SI) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चयन के बाद पहली बार अपने गृह ग्राम पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और हर ओर खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव की सीमा में प्रवेश करते ही डीजे पर देशभक्ति गीत गूंजने लगे। महिलाओं ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर अनुराधा का स्वागत किया, जबकि बुजुर्गों और युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।पूरे गांव ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि को गर्व और सम्मान के साथ मनाया। अनुराधा को देखकर ग्रामीणों की आंखें खुशी और गर्व से नम हो गईं।
अनुराधा की सफलता संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। उन्होंने कक्षा 1 से 10वीं तक की शिक्षा शासकीय हाई स्कूल, बन्ने बुजुर्ग से प्राप्त की। इसके बाद 11वीं और 12वीं की पढ़ाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, पलेरा से पूरी की। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बिना बड़े कोचिंग संस्थानों के सहारे लगातार मेहनत की और उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने का सपना साकार किया।
अनुराधा के पिता आनंदीलाल सोनकिया ने भावुक होकर बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थी और उसका सपना खाकी वर्दी पहनकर देश की सेवा करना था। आज उसकी मेहनत और लगन ने उस सपने को हकीकत में बदल दिया है।
अनुराधा सोनकिया की यह उपलब्धि पलेरा तहसील और टीकमगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सक
ते।






