सिद्धार्थनगर में आयोजित ‘रक्षा सूत्र-नारी सम्मान समारोह-2026’ में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, समाजसेवा, उद्यमिता, न्याय, साहित्य, खेल और धार्मिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 51 महिलाओं को ‘नारी गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. तनुषा टी. आर. ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।



उन्होंने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर महिलाएं ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान अन्य महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में एसडीएम सदर रेणु मिश्रा, उप प्रभागीय वनाधिकारी वीना तिवारी और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पांडेय समेत कई प्रमुख अतिथियों ने महिलाओं को आत्मविश्वास,
निर्भीकता और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज में चुपचाप और समर्पण भाव से उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को पहचान और सम्मान दिलाना है। कार्यक्रम का संचालन पंकज सिद्धार्थ ने किया, जबकि स्वागत भाषण शुभम श्रीवास्तव ने दिया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





