

दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर असारा रेलवे हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में आने से हाफिज और उसके दोस्त कासिफ के पैर कट गए। वहां आए पुलिसकर्मी दोनों घायलों को उठाकर बड़ौत सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से दोनों को उनके दोस्त दिल्ली के निजी अस्पताल में ले गए।
संभल जिले के मियां सराय का रहने वाला हाफिज और बिजनौर जिले के हुसैनपुर का रहने वाला कासिफ अपने कई साथियों के साथ शुक्रवार को हरिद्वार से ट्रेन में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। हाफिज और कासिफ ट्रेन की खिड़की पर बाहर की तरफ पैर लटकाकर बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि उनकी ट्रेन जैसे ही असारा रेलवे हॉल्ट पर पहुंची तो दोनों के पैर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में आ गए। इससे दोनों के दोनों पैर कटकर गिर गए।
यह नजारा देखते ही ट्रेन में सवार और हॉल्ट पर खड़े यात्रियों अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तभी लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दे दी। वहां आए पुलिसकर्मी दोनों घायलों को उठाकर एंबुलेंस से बड़ौत सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनके साथी दोनों घायलों को दिल्ली के निजी अस्पताल में लेकर चले गए, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है








