भारी बारिश के चलते सोनभद्र में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय आज रहेंगे बंद
जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश, शिक्षक विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्यों का करेंगे संपादन
सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश एवं अत्यधिक जलजमाव को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने एक सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के बाद जिले के परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा आईसीएसई एवं सीबीएसई बोर्ड के हिंदी/अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि दिनांक 01 सितंबर 2026 को भारी वर्षा एवं अत्यधिक जलजमाव के दृष्टिगत सभी संबंधित विद्यालय बंद रहेंगे। इससे विद्यार्थियों को जलभराव और खराब मौसम के कारण होने वाली संभावित परेशानियों से राहत मिलेगी।
शिक्षकों की विद्यालय में उपस्थिति रहेगी अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की छुट्टी के बावजूद समस्त शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्यों का संपादन यथावत करते रहेंगे। शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर आधार आईडी, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा प्रधानाध्यापकों/प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।









