

KANTH (MORADABAD)। कांठ थाना क्षेत्र के उमरी कलां बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कांठ तहसील/छजलैट क्षेत्र के गांव राणा नंगला निवासी बृजेश सिंह ने थाना कांठ पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई रंजीत (30) पुत्र रामकुंवर सोमवार शाम करीब छह बजे पल्सर बाइक संख्या UP20BZ5352 से कांठ के उमरी कलां बाजार से खरीदारी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से आ रहे ट्रक संख्या UP38T2525 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में जाकर रंजीत की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया, जबकि उसकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से रंजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर रंजीत की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस से आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कांठ पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है, साथ ही विवेचना की जा रही है।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️




