
नामांकन के अंतिम दिन उमड़ा उत्साह, 454 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन
नगर निगम चुनाव सोमवार तक कुल 530 नामांकन पत्र जमा, निगम कार्यालय में दिनभर रही गहमागहमी
पाली, 31 अगस्त। नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही नगर निगम कार्यालय में पार्षद पद के दावेदारों की आवाजाही बनी रही। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ निगम कार्यालय पहुंचे। दिनभर नामांकन स्थल पर गहमागहमी का माहौल रहा।
नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत पांचों जोन में कुल 454 नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए गए। इसके साथ ही नगर निगम आम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान अब तक कुल 530 नाम निर्देशन पत्र दाखिल हो चुके हैं।
पांचों जोन में जमा हुए नामांकन – रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि जोनवार नामांकन की स्थिति के अनुसार प्रथम जोन, जिसमें वार्ड संख्या 1 से 13 तक शामिल हैं, में कुल 90 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। वहीं द्वितीय जोन के वार्ड संख्या 14 से 26 तक में 117 नामांकन पत्र, तृतीय जोन के वार्ड संख्या 27 से 39 तक में 96 नामांकन पत्र, चतुर्थ जोन के वार्ड संख्या 40 से 52 तक में 115 नामांकन पत्र तथा पंचम जोन के वार्ड संख्या 53 से 65 तक में 112 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इस प्रकार पांचों जोन में जमा हुए नामांकन पत्रों की कुल संख्या 530 हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण – सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन प्रत्याशियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए निगम कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। अंतिम दिन जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंगलवार को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा -सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इस दौरान नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, पाली तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, ललित दवे, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, अनिल नामा, कुलदीप जोशी, रामलाल एवं ताराचंद सेजू सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।





