
महेश निषाद चंद्रपुर महाराष्ट्र: क्रीड़ा व युवक सेवा संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य, पुणे अंतर्गत जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, चंद्रपुर और पारंपरिक लाठी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, चंद्रपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 30 अगस्त 2026 को विसापुर तालुका संकुल में जिला स्तरीय पारंपरिक लाठी स्पर्धा का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में सेंट पॉल स्कूल और कनिष्ठ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। स्पर्धा में सेंट पॉल के विद्यार्थियों ने कुल 20 स्वर्ण, 10 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण सेंट पॉल के कई विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इससे पहले भी यहां के विद्यार्थियों ने विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर राज्य स्तर के लिए पात्रता प्राप्त की है।
सभी गुणवंत विद्यार्थियों का सम्मान संस्थापक अविनाश खैरे और संचालिका नीना खैरे के हाथों किया गया। इस अवसर पर मुख्याध्यापिका मेनका भंडूला, क्रीड़ा शिक्षक मनोज डे, प्रमोद वासेकर सहित शाला के कर्मचारी उपस्थित थे।




