
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ श्री बंशीधर नगर। जिले के सिविल सर्जन सह अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक जॉन ऑफ केनेडी ने सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक कक्ष में चिकित्सकों एवं चिकित्साकर्मियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सभी प्रकार की आवश्यक सर्जरी शुरू कराने पर जोर दिया, ताकि अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान उन्होंने चिकित्साकर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा मरीजों के प्रति जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने सहित कई आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के बाद सिविल सर्जन ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल में सामान्य ओपीडी के अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञ, चाइल्ड स्पेशलिस्ट एवं डेंटल ओपीडी संचालित किए जाएंगे। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों को आवश्यक दवाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। विशेषज्ञों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अनुमंडलीय अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आवश्यकता के अनुसार अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली की जाएगी। साथ ही किसी संस्था को पंजीकृत कराकर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक से पूर्व सिविल सर्जन ने अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति और मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक से मरीजों के इलाज एवं स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
बैठक में चिकित्सक सुचित्रा कुमारी, कुशल कांत, निधि सिंह, ऋषिका सिंह, अमित रंजन, शिशिर सिन्हा, संतोष कुमार, कैशर आलम, अबरार अंसारी, राहुल कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी उपस्थित थे।





